उत्तराखंड कांग्रेस में जल्द बड़े नेताओं की ज्वाइनिंग, शैलजा का बड़ा दावा, हरिद्वार बैठक में दिखा शक्ति प्रदर्शन
Spread the love

हरिद्वार, 10 अप्रैल 2026 | दैनिक प्रभातवाणी

उत्तराखंड की राजनीति में बड़ा हलचल पैदा करते हुए कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने दावा किया है कि राज्य के कई बड़े नेता और जमीनी कार्यकर्ता कांग्रेस के संपर्क में हैं और जल्द ही पार्टी में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस लगातार संगठन को मजबूत करने में जुटी हुई है और आने वाले समय में ज्वाइनिंग का सिलसिला जारी रहेगा।

हरिद्वार के खड़खड़ी स्थित जयराम आश्रम में आयोजित बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं से लगातार संवाद किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी चुनावों को लेकर फीडबैक लिया जा रहा है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति तैयार की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता में कांग्रेस को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है और लोग बदलाव चाहते हैं।

कुमारी शैलजा ने राज्य की भाजपा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ रही है, पलायन लगातार जारी है और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि महिलाएं और दलित वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और कई लोग आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा सरकार से निराश हो चुकी है और आगामी चुनाव में इसका असर दिखाई देगा।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि भाजपा नेताओं की बयानबाजी देश की संस्कृति और लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता समाज में विभाजन पैदा करने वाले बयान दे रहे हैं और जनता इस बार वोट के माध्यम से जवाब देगी।

इस दौरान कांग्रेस के भीतर गुटबाजी को लेकर उठ रहे सवालों पर भी कुमारी शैलजा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है और यदि कहीं नाराजगी है तो उसे पार्टी मंच पर दूर किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी और भाजपा को हराने में सफल होगी।

बैठक के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। हालांकि भीड़ के बीच जेबकतरी की घटना भी सामने आई। एक पत्रकार की जेब से करीब 14 हजार रुपये चोरी हो गए, जबकि कांग्रेस नेता मोहित गर्ग और पार्षद हिमांशु गुप्ता के पांच-पांच हजार रुपये चोरी होने की जानकारी मिली। तुषार कपिल के भी नकदी चोरी होने की बात सामने आई। बाद में एक संदिग्ध को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

कुमारी शैलजा के हरिद्वार पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। भीमगोड़ा के पास कार्यकर्ताओं ने टेंट लगाकर इंतजार किया और उनके पहुंचते ही पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यकर्ताओं ने शक्ति प्रदर्शन भी किया।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने इस दौरान कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पार्टी से नाराज नहीं हैं और समय-समय पर उनका मार्गदर्शन मिलता रहता है। उन्होंने कहा कि हरीश रावत कांग्रेस के मजबूत स्तंभ हैं और पार्टी को कमजोर नहीं होने देंगे। यशपाल आर्य ने भी राज्य सरकार पर बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ाने का आरोप लगाया।

बैठक के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के गठन को लेकर भी चर्चा हुई। यशपाल आर्य ने कहा कि जल्द ही उत्तराखंड में पीसीसी का गठन किया जाएगा और संगठन की कमजोर इकाइयों को मजबूत किया जाएगा। कुमारी शैलजा ने भी संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर जोर दिया।

हरिद्वार में आयोजित इस बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। कांग्रेस नेतृत्व का दावा है कि आने वाले समय में कई बड़े राजनीतिक चेहरे पार्टी में शामिल हो सकते हैं, जिससे राज्य की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *