उत्तराखंड सीमा से सटे इलाके में गोलीकांड, 18 वर्षीय युवक के सीने में लगी गोली, मौत से मचा कोहराम
Spread the love

पिथौरागढ़ | दैनिक प्रभातवाणी

उत्तराखंड की सीमा से सटे नेपाल क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। भरूवा बंदूक से चली एक गोली सीधे 18 वर्षीय युवक के सीने में जा लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना नेपाल के बैतड़ी जिले के बसौटी गांव में हुई है, जो भारतीय सीमा से सटा हुआ इलाका है। बताया जा रहा है कि शिवनाथ गांव पालिका का निवासी 18 वर्षीय सुवास महरा अपनी बहन के घर आया हुआ था। घर में एक पुरानी भरूवा बंदूक रखी हुई थी।

बताया जा रहा है कि युवक ने बंदूक के साथ फोटो खिंचवाने की इच्छा जताई थी। इसके लिए उसने अपने परिचित गणेश बहादुर बोहरा को फोटो लेने के लिए बुलाया। इसी दौरान अचानक कमरे में गोली चलने की आवाज गूंज उठी।

आवाज सुनकर जब परिजन कमरे में पहुंचे तो उन्होंने देखा कि गणेश बहादुर बोहरा के हाथ में बंदूक थी और सुवास महरा के सीने में गोली लगी हुई थी। युवक खून से लथपथ जमीन पर गिरा पड़ा था। परिजन तुरंत उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने गणेश बहादुर बोहरा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली गलती से चली या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिवार में गहरा शोक छा गया है और गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।