देहरादून में भ्रष्टाचार पर विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: जूनियर इंजीनियर 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। राजधानी देहरादून में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) अतुल कुमार को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इस मामले ने प्रशासन और विभाग में हड़कंप मचा दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत दर्ज कराई थी कि पथरी बाग स्थित 33/11 केवी बिजलीघर में तैनात अतुल कुमार, बिजली कनेक्शन जारी करने और बिजली लोड बढ़ाने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था। यह कनेक्शन शिकायतकर्ता की पत्नी के नाम से खरीदे गए अपार्टमेंट के लिए लिया जाना था।

शिकायत मिलते ही विजिलेंस टीम ने मामले की जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप ऑपरेशन चलाया। ऑपरेशन के दौरान आरोपी को शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद टीम ने संबंधित साक्ष्य भी जुटाए और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

सतर्कता अधिष्ठान के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या इस मामले में कोई अन्य कर्मचारी या अधिकारी शामिल तो नहीं है।