देहरादून में सनसनी: घर के कमरे में 5 दिन पुराना युवक का शव मिला, परिजनों में मचा कोहराम
Spread the love

देहरादून | दैनिक प्रभातवाणी

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक का शव घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि युवक का शव करीब चार से पांच दिन पुराना है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना देहरादून के पटेल नगर थाना क्षेत्र के विद्या विहार फेज-2 की है। यहां रहने वाला 27 वर्षीय आकाश अपने घर में अकेला था। बताया जा रहा है कि युवक के माता-पिता करीब पांच दिन पहले अपने पैतृक गांव टिहरी किसी काम से गए हुए थे। इस दौरान युवक घर पर अकेले रह रहा था।

रविवार को जब परिजन गांव से वापस लौटे तो उन्होंने बेटे के कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को शक हुआ। इसके बाद उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो युवक कमरे में जमीन पर पड़ा दिखाई दिया।

यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। पुलिस ने देखा कि युवक का शव सड़ चुका था और कमरे में दुर्गंध फैली हुई थी, जिससे अंदाजा लगाया गया कि मौत चार से पांच दिन पहले हुई होगी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल युवक की मौत संदिग्ध मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

घटना के बाद मृतक के माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। पड़ोसियों के अनुसार आकाश शांत स्वभाव का युवक था और किसी से उसकी कोई दुश्मनी भी नहीं थी। ऐसे में उसकी अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। वहीं, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि युवक की मौत की असली वजह सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *