Spread the loveहरिद्वार। दैनिक प्रभातवाणी https://dainikprbhatvani.com/wp-content/uploads/2026/06/AQOHa2E4v90JkrI0qAmFLiiA50DKK1o-gLIoNdwWjxC-cR7LbcPM-d2vHC7ylUBmT68bheT20twxJAKxBgYrQ4x1qwOL4oPhCs1mCXScxw.mp4 हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब देहरादून और ऋषिकेश से दिल्ली-जयपुर की ओर जा रही एक निजी वोल्वो एसी बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग की लपटों से घिर गई और देखते ही देखते जलकर खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि चालक और परिचालक की सतर्कता के चलते बस में सवार सभी 32 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार यह घटना बुधवार सुबह लगभग चार बजे बहादराबाद थाना क्षेत्र में क्रिस्टल वर्ल्ड वाटर पार्क के समीप हुई। बस महालक्ष्मी फिलिप्स कंपनी द्वारा संचालित की जा रही थी और देहरादून तथा ऋषिकेश से यात्रियों को लेकर दिल्ली और जयपुर की ओर जा रही थी। बस जब शांतारशाह पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर पहुंची तो चालक को इंजन की ओर से धुआं उठता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए चालक अरुण कुमार ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोक दिया। चालक और परिचालक ने बिना समय गंवाए यात्रियों को बस से बाहर निकालना शुरू किया। कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस उसकी चपेट में आ गई। बस में सवार यात्रियों में दो विदेशी महिला पर्यटक भी शामिल थीं, जो ब्राजील से भारत भ्रमण पर आई थीं। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण इंजन कम्पार्टमेंट में तकनीकी खराबी अथवा शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। हादसे में यात्रियों का सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। बस के अंदर और लगेज केबिन में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। कई यात्रियों के कपड़े, दस्तावेज और अन्य जरूरी वस्तुएं भी आग में स्वाहा हो गईं। हालांकि किसी यात्री के घायल न होने से सभी ने राहत की सांस ली। पुलिस प्रशासन ने सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था की। विदेशी पर्यटकों को बहादराबाद थाने लाया गया, जहां उन्होंने उत्तराखंड पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। बाद में प्रशासन द्वारा वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था कर सभी यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन वाहनों के नियमित तकनीकी निरीक्षण और सुरक्षा मानकों की आवश्यकता को उजागर किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि लंबी दूरी की बसों में समय-समय पर इंजन और इलेक्ट्रिकल सिस्टम की जांच की जाए तो इस प्रकार की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। Post Views: 3 Post navigation टिहरी में जौलांगी के पास चारधाम यात्रा बस हादसा, 5 श्रद्धालु घायल, बड़ा हादसा टला