Spread the loveउत्तरकाशी। उत्तराखंड के प्रसिद्ध दयारा बुग्याल ट्रेक क्षेत्र से लापता हुई महिला ट्रेकर की तलाश के लिए पुलिस और विभिन्न रेस्क्यू एजेंसियों द्वारा व्यापक स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है। दुर्गम पहाड़ी इलाकों और घने जंगलों में चल रहे इस अभियान में आधुनिक संसाधनों के साथ जमीनी और हवाई दोनों स्तरों पर खोजबीन की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दयारा बुग्याल क्षेत्र से महिला ट्रेकर के लापता होने की सूचना मिलने के बाद उत्तरकाशी पुलिस ने तत्काल संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अभियान में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), राजस्व विभाग और वन विभाग की टीमें शामिल हैं। सभी एजेंसियां समन्वित तरीके से दयारा बुग्याल तथा आसपास के संभावित क्षेत्रों में गहन तलाशी अभियान चला रही हैं। रेस्क्यू टीमों द्वारा घने जंगलों, गहरी खाइयों, गदेरों, चट्टानों के बीच बने प्राकृतिक आश्रयों, झाड़ियों और अन्य दुर्गम स्थानों की बारीकी से जांच की जा रही है। रविवार को अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए युकाडा के हेलीकॉप्टर की सहायता से पूरे दयारा ट्रेक रूट और आसपास के क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया गया। हेलीकॉप्टर के माध्यम से ऐसे स्थानों की भी निगरानी की जा रही है जहां जमीनी टीमों की पहुंच कठिन है। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय लगातार अभियान की समीक्षा कर रही हैं। उनके निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही दयारा ट्रेक क्षेत्र में कैंप कर रहे हैं और स्वयं सर्च एवं रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। अभियान की प्रत्येक गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी संभावित सुराग को नजरअंदाज न किया जाए। अधिकारियों का कहना है कि महिला ट्रेकर की सकुशल बरामदगी के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। खराब मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद खोज अभियान बिना रुके जारी है। प्रशासन को उम्मीद है कि संयुक्त प्रयासों से जल्द ही महिला ट्रेकर के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी। उत्तरकाशी प्रशासन ने ट्रेकिंग मार्ग पर मौजूद स्थानीय लोगों, गाइडों और पर्यटकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें महिला ट्रेकर के संबंध में कोई भी जानकारी प्राप्त हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, जिससे खोज अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। Post Views: 2 Post navigation पिंडारी ग्लेशियर में लापता नोएडा के ट्रैकर की तलाश तेज, ड्रोन और डॉग स्क्वाड के साथ सात टीमें जुटीं