Spread the loveदैनिक प्रभातवाणी | हरिद्वार सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और ट्रेनों में संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे ने जम्मू और हरिद्वार के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की पहल पर रेल मंत्रालय ने इस विशेष सेवा को मंजूरी दी है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार विशेष ट्रेन 14 जून 2026 को श्री माता वैष्णो देवी कटरा से शाम 6:15 बजे रवाना होकर 15 जून को सुबह 6:30 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04605 हरिद्वार से 15 जून को शाम 5:20 बजे प्रस्थान करेगी और 16 जून को सुबह 7 बजे कटरा पहुंचेगी। यह पूरी तरह आरक्षित (Fully Reserved) विशेष ट्रेन होगी। इस ट्रेन से जम्मू, कठुआ, हीरानगर तथा आसपास के क्षेत्रों के हजारों श्रद्धालुओं को विशेष लाभ मिलेगा। रेलवे का उद्देश्य नियमित ट्रेनों पर दबाव कम करना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है। रेलवे के अनुसार ट्रेन मार्ग में शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन, जम्मू तवी, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर और रुड़की सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। ट्रेन में एसी टू टियर, एसी थ्री टियर, स्लीपर और अन्य श्रेणियों के कुल 16 कोच लगाए जाएंगे। गौरतलब है कि सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इस अवसर पर देशभर से लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन गंगा स्नान, भगवान शिव का जलाभिषेक, पीपल पूजन और पितृ तर्पण विशेष पुण्यदायी माना जाता है। रेलवे द्वारा शुरू की गई यह विशेष सेवा श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित होगी और हरिद्वार आने वाले यात्रियों को भीड़भाड़ से काफी हद तक निजात दिलाने में मदद करेगी। Post Views: 2 Post navigation हरिद्वार में पानी की टंकी से निकले 27 सांप के बच्चे, वन विभाग ने किया रेस्क्यू प्रतापनगर में युवक की मौत पर बवाल, शव लेने से इनकार कर धरने पर बैठे परिजन; कार्रवाई की मांग तेज