खटीमा में संदिग्ध मौत से सनसनी, घर के कमरे में महिला का शव मिला, दरवाजा बाहर से था बंद
ajaysemalty98 February 19, 2026 0खटीमा | 19 फरवरी 2026 | उत्तराखंड | दैनिक प्रभातवाणी

खटीमा से खटीमा | 19 फरवरी 2026 | उत्तराखंड | दैनिक प्रभातवाणी बड़ी और चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। जनपद ऊधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव घर के अंदर एक कमरे में पड़ा मिला, जबकि कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना खटीमा की देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी की है। यहां बुधवार देर रात 65 वर्षीय जानकी चंद, पत्नी हरीश चंद, अपने घर के कमरे में मृत अवस्था में पाई गईं। जब घर के भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो आसपास के लोगों ने देखा कि कमरे का दरवाजा बाहर से बंद है। दरवाजा खोले जाने पर महिला का शव अंदर पड़ा मिला, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया।
स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि महिला की हत्या कर आरोपी ने सबूत छिपाने के इरादे से कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतका दो मंजिला मकान में अकेली रहती थी और उसने एक दंपती को किराए पर रखा हुआ था, जिस बिंदु को भी पुलिस जांच के दायरे में लिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने कमरे से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतका का एक बेटा भारतीय सेना में कार्यरत है, जबकि दो बेटियां शादीशुदा हैं।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर ही महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।