कर्णप्रयाग में धारदार हथियार से हमला करने वाले 4 निहंग यात्री पुलिस हिरासत में, चार घायल; हाईवे जाम के बाद हालात सामान्य
Spread the love

कर्णप्रयाग/चमोली।
चमोली जिले के कर्णप्रयाग बाजार में कृष्णा पैलेस होटल के समीप हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच हुए विवाद के बाद हुई हिंसक घटना में पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। इस घटना में चार स्थानीय लोग घायल हो गए, जिनमें एक को गंभीर हालत में हेली एम्बुलेंस के जरिए देहरादून रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को कर्णप्रयाग बाजार क्षेत्र में वाहन पार्किंग को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते विवाद में बदल गई। इसी दौरान दो निहंग यात्रियों द्वारा स्थानीय निवासी प्रकाश रावत पर धारदार हथियार से हमला किया गया। घटना के बाद बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों पर भी दो अन्य निहंग यात्रियों द्वारा हमला किया गया, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई।

इस झड़प में चार स्थानीय लोग घायल हुए। घायलों में प्रकाश रावत की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद एयर एम्बुलेंस के माध्यम से देहरादून के उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया। अन्य तीन घायलों का उपचार कर्णप्रयाग अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही चमोली पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इस मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर कोतवाली कर्णप्रयाग में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना के बाद कुछ समय के लिए बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर स्थिति को नियंत्रित किया।

प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से राष्ट्रीय राजमार्ग को पुनः यातायात के लिए खोल दिया गया। साथ ही चारधाम यात्रा मार्ग पर फंसे यात्रियों की सुविधा के लिए पेयजल और भोजन की व्यवस्था भी की गई।

प्रशासन ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था सामान्य है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए संबंधित जिलों के बीच समन्वय स्थापित कर यातायात को कुछ समय के लिए नियंत्रित किया गया था, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न फैले।

चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने या आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही कहा गया है कि केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा किया जाए और सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी साझा न की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *