Spread the loveदेहरादून। सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में खेत में पानी चलाने को लेकर हुए विवाद के बाद सामने आए चर्चित हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे एक और नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सहसपुर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित आरोपी इन्तजार पुत्र जमील (32 वर्ष) निवासी बैरागीवाला को तिमली गांव क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बचने का प्रयास कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे सुद्दोवाला जिला कारागार भेज दिया गया। गौरतलब है कि 13 जून को बैरागीवाला गांव में खेत में पानी लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें विनोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई, जिसके बाद मामला हत्या में दर्ज किया गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इससे पहले रज्जाक, सलमान, जावेद, शहबाज और इम्तियाज को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब इन्तजार की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में जेल भेजे गए आरोपियों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। देहरादून पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीमें अन्य फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी को जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा। बैरागीवाला हत्याकांड के बाद क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है। संवेदनशीलता को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी को फरार आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो वह तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। Post Views: 2 Post navigation उत्तराखंड में राशन व्यवस्था में बड़ा बदलाव, e-KYC अनिवार्य; पारदर्शिता और डिजिटल निगरानी पर जोर