हरिद्वार में मंदिर में पुजारी की हत्या, चोरी के इरादे से घुसे बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
Spread the love

 हरिद्वार | 13 अप्रैल 2026 |दैनिक प्रभातवाणी 

हरिद्वार जिले के भोगपुर गांव में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां मंदिर में चोरी की नीयत से घुसे अज्ञात बदमाशों ने पुजारी की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, पुरकाजी क्षेत्र के गोदना गांव निवासी राजवीर (65) पिछले करीब दो महीने से भोगपुर स्थित मंदिर में रहकर पूजा-पाठ का कार्य कर रहे थे। देर रात कुछ अज्ञात बदमाश मंदिर में चोरी के इरादे से घुसे। इसी दौरान आहट सुनकर पुजारी जाग गए, जिस पर बदमाशों ने उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल पुजारी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

रविवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो घटना का खुलासा हुआ, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला चोरी के प्रयास के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा किया है। घटना के बाद गांव में शोक और गुस्से का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *