नानकमत्ता में हनीट्रैप गैंग का भंडाफोड़, दो महिलाओं समेत 6 आरोपी गिरफ्तार; लूटी कार और नकदी बरामद
Spread the love

रुद्रपुर/नानकमत्ता, उधम सिंह नगर।
उधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र में पुलिस ने हनीट्रैप के जरिए लोगों को फंसाकर लूटपाट और ब्लैकमेल करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार, नकदी, सोने की अंगूठी, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से इसी तरीके से लोगों को जाल में फंसाकर वारदात को अंजाम दे रहा था।

पुलिस के मुताबिक 14 मार्च की रात गिरोह के सदस्यों ने एक व्यक्ति को सुनियोजित तरीके से अपने जाल में फंसाया। महिला आरोपियों ने मोबाइल फोन के जरिए पीड़ित से संपर्क किया और उससे मीठी-मीठी बातें कर उसे अपने विश्वास में ले लिया। इसके बाद मिलने के बहाने उसे नानकमत्ता क्षेत्र के मच्छी झाला इलाके में बुला लिया गया। जब पीड़ित अपनी हुंडई आई-10 कार से मौके पर पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद गिरोह के अन्य सदस्यों ने उसे घेर लिया।

इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को कार से उतारकर भड़ाभुड़िया क्षेत्र स्थित एक घर में ले जाकर बंधक बना लिया। वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसके कपड़े उतरवाकर महिलाओं के साथ अश्लील वीडियो बनाया गया। आरोपियों ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़ित से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने की योजना बनाई। इस दौरान पीड़ित से नगदी, सोने की अंगूठी, एटीएम कार्ड, जरूरी दस्तावेज और उसकी कार भी लूट ली गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद नानकमत्ता पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू की। 15 मार्च को उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर डैम बंदे क्षेत्र में घेराबंदी की। इसी दौरान सामने से आती एक हुंडई आई-10 कार को रोककर जांच की गई। कार में दो पुरुष तारा सिंह और राजेंद्र सिंह उर्फ राजू के साथ दो महिलाएं सवार थीं। पीड़ित ने चारों की पहचान कर ली, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गिरोह के दो अन्य सदस्यों रमन सिंह और गुरविंदर सिंह उर्फ डिंपल को भी वाटर स्पोर्ट्स क्षेत्र के पास से बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार, 9,750 रुपये नकद, सोने की अंगूठी, एटीएम कार्ड, दस्तावेज, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह ऐसे लोगों को निशाना बनाता था जो महिलाओं की बातों में आसानी से फंस सकते थे। महिलाएं फोन पर बातचीत कर उन्हें विश्वास में लेती थीं और फिर मिलने के बहाने सुनसान जगह पर बुलाया जाता था। इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्य पीड़ित को बंधक बनाकर मारपीट करते और अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करते थे।

पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य आरोपी तारा सिंह नानकमत्ता कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी लूटी गई कार को नेपाल में बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह ने पहले कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *