ऑपरेशन प्रहार में STF की बड़ी कार्रवाई, रुड़की में अवैध गैस सिलेंडरों का पर्दाफाश
Spread the love

रुड़की, हरिद्वार – 4 अप्रैल 2026

उत्तराखंड एसटीएफ ने आज रुड़की के साउथ सिविल लाइंस क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी का भंडाफोड़ किया। स्पेशल टास्क फोर्स की टीम ने जयवीर नामक व्यक्ति के घर से कुल 101 गैस सिलेंडर बरामद किए।

एसटीएफ के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत डीजीपी दीपम सेठ के निर्देश और एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के नेतृत्व में की गई। बरामद सिलेंडरों में अधिकांश इंद्रा गैस कंपनी के थे।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में घरेलू गैस की कमी का फायदा उठाकर कुछ लोग सिलेंडरों की जमाखोरी कर रहे थे और इन्हें होटल व ढाबों में उच्च दामों पर बेच रहे थे। एसटीएफ ने अपने मुखबीर तंत्र के जरिए इस अवैध गतिविधि का पता लगाया और समय रहते कार्रवाई कर कानून का पालन सुनिश्चित किया।

बरामद सिलेंडरों को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद खाद्य आपूर्ति विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। इस मामले में जयवीर के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है। मौके पर खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम भी मौजूद रही और मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

स्थानीय प्रशासन ने इस कार्रवाई को प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी का प्रमाण बताया। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाईयों से गैस की काले बाज़ारी पर कड़ी नज़र रखी जाएगी और आम जनता को समय पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।