Spread the love

हल्द्वानी | 10 अप्रैल 2026 |दैनिक प्रभातवाणी

हल्द्वानी में निजी स्कूलों की मनमानी पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए 46 निजी विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रशासन ने सभी स्कूलों से तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है। जांच में सामने आया है कि कई स्कूल अभिभावकों को NCERT की सस्ती किताबों की बजाय निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें खरीदने के लिए मजबूर कर रहे थे, जो CBSE के नियमों का उल्लंघन माना गया है।

जिला प्रशासन द्वारा की गई संयुक्त जांच में यह भी सामने आया कि कई निजी स्कूलों और बुक सेलरों के बीच साठगांठ चल रही थी। अभिभावकों को तय दुकानों से ही किताबें और कॉपियां खरीदने के लिए निर्देश दिए जा रहे थे। जांच के दौरान ऐसे प्रमाण भी मिले हैं, जिनमें अभिभावकों को विशेष दुकानों से खरीदारी करने की पर्चियां दी गई थीं।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर प्रशासन और शिक्षा विभाग ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। जांच में कई स्कूलों की वेबसाइट पर फीस स्ट्रक्चर और अन्य अनिवार्य जानकारी सार्वजनिक न होने की बात भी सामने आई, जो नियमों के खिलाफ है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल ने 46 निजी स्कूलों को नोटिस जारी करते हुए 11 अप्रैल 2026 शाम 5 बजे तक जवाब देने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि समय पर जवाब न देने या संतोषजनक उत्तर न मिलने पर संबंधित स्कूलों की मान्यता पर कार्रवाई के साथ कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे।

इस कार्रवाई के बाद हल्द्वानी के निजी स्कूलों में हड़कंप मच गया है और अभिभावकों ने भी प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *