25 अप्रैल को आएगा उत्तराखंड बोर्ड रिजल्ट, 2 लाख से अधिक छात्रों का इंतजार खत्म
Spread the love

रामनगर (उत्तराखंड), 20 अप्रैल 2026 | दैनिक प्रभातवाणी

उत्तराखंड के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम अब तय तिथि पर घोषित किया जाएगा। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की ओर से मिली जानकारी के अनुसार 10वीं और 12वीं कक्षा का रिजल्ट 25 अप्रैल को सुबह 10 बजे घोषित होगा। यह घोषणा बोर्ड सभागार, रामनगर में की जाएगी, जहां प्रदेश के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत और माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती भी मौजूद रहेंगे।

बोर्ड के सचिव विनोद कुमार सिमल्टी ने बताया कि इस वर्ष परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई गई। खास बात यह रही कि पहली बार आवेदन प्रक्रिया को पूर्ण रूप से ऑनलाइन किया गया, जिससे छात्रों को काफी सुविधा मिली। इस वर्ष हाईस्कूल में 1 लाख 12 हजार 266 और इंटरमीडिएट में 1 लाख 2 हजार 986 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। इस प्रकार कुल 2 लाख 15 हजार 252 परीक्षार्थी अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

परीक्षा कार्यक्रम भी निर्धारित समय के अनुसार ही संपन्न हुआ। प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 जनवरी से 15 फरवरी के बीच आयोजित की गईं, जबकि लिखित परीक्षाएं फरवरी के तीसरे सप्ताह से शुरू होकर 20 मार्च तक चलीं। सभी परीक्षाएं एक ही पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की गईं, जिससे परीक्षा संचालन में एकरूपता बनी रही।

इस बार परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए पूरे प्रदेश में 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इनमें 50 एकल केंद्र और 1,211 मिश्रित केंद्र शामिल रहे। 156 केंद्रों को संवेदनशील और 6 केंद्रों को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया था। सबसे अधिक परीक्षा केंद्र टिहरी गढ़वाल में बनाए गए, जहां 136 केंद्र स्थापित किए गए, जबकि सबसे कम केंद्र चंपावत में 44 रहे।

छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार नई व्यवस्था भी लागू की गई है। सभी स्कूलों को अलग-अलग पोर्टल और पासवर्ड दिए जाएंगे, जिससे छात्र अपने स्कूल में ही आसानी से अपना परिणाम देख सकेंगे। इसके अलावा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.ubse.uk.gov.in पर भी रिजल्ट उपलब्ध रहेगा, जहां छात्र अपना रोल नंबर दर्ज कर परिणाम देख सकेंगे।

अब पूरे प्रदेश के छात्रों और अभिभावकों की निगाहें 25 अप्रैल पर टिकी हैं। लंबे इंतजार के बाद रिजल्ट का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और जल्द ही लाखों छात्रों की मेहनत का परिणाम सामने आने वाला है।