डुण्डा पुलिस की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी, 3 घंटे में दो नाबालिग बालिकाएं सकुशल बरामद
Spread the love

 डुण्डा (उत्तरकाशी ) | 22 अप्रैल 2026 | दैनिक प्रभातवाणी 

उत्तरकाशी जनपद के डुण्डा क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने एक संभावित बड़ी अनहोनी को टाल दिया। नेपाली मूल की दो नाबालिग बालिकाओं के अचानक घर से लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और महज तीन घंटे के भीतर दोनों को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

घटना 22 अप्रैल 2026 की है, जब चौकी डुण्डा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि दो नाबालिग बालिकाएं घर से नाराज होकर कहीं चली गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने तत्काल प्रभाव से बच्चियों की खोजबीन के निर्देश जारी किए। इसके बाद पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

प्रभारी चौकी डुण्डा प्रकाश राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने पतारसी और सुरागरसी के माध्यम से तेजी से काम करते हुए संभावित स्थानों पर खोजबीन की। लगातार प्रयासों के बाद टीम ने दोनों बालिकाओं को अस्थल गांव स्थित एक स्कूल परिसर से सकुशल बरामद कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि एक बालिका स्कूल जाने को लेकर आनाकानी कर रही थी और परिजनों की डांट से नाराज होकर उसने अपनी सहेली के साथ घर छोड़ दिया। दोनों ने स्कूल में छिपकर आगे कहीं दूर जाने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते उनकी योजना सफल नहीं हो सकी और समय रहते उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

पुलिस द्वारा दोनों बालिकाओं की काउंसलिंग भी की गई, जिसमें उन्हें शिक्षा के महत्व, उज्ज्वल भविष्य की आवश्यकता और परिवार के मार्गदर्शन की अहमियत के बारे में विस्तार से समझाया गया। इसके बाद बच्चियों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में डुण्डा पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता साफ तौर पर देखने को मिली, जिससे एक बड़ी घटना टल गई और परिवारों को राहत मिली। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

You missed