Spread the loveहरिद्वार, दैनिक प्रभातवाणी। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी सलमान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था। आरोप है कि उसने एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म किया था। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा उस पर ₹5000 का इनाम घोषित किया गया था। इसके बाद पुलिस टीमों को उसकी तलाश में लगाया गया और लगातार निगरानी व मुखबिर तंत्र की मदद से आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है और संबंधित साक्ष्यों को भी एकत्र किया जा रहा है। हरिद्वार पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी। Post Views: 3 Post navigation परीक्षा में नकल रोकने पर बवाल, दरोगा और परिजनों पर कॉलेज में घुसकर मारपीट का आरोप चारधाम यात्रा मार्ग पर स्मैक तस्कर गिरफ्तार, उत्तरकाशी पुलिस ने 9.34 ग्राम अवैध स्मैक की बरामद