चमोली देवाल सड़क हादसा: टैक्सी खाई में गिरी, 4 की मौत और 3 घायल
Spread the love

चमोली, दैनिक प्रभातवाणी। उत्तराखंड के चमोली जिले के देवाल विकासखंड क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। देवाल-घेस मोटर मार्ग पर लोसरी गांव के पास एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 500 से 600 मीटर गहरी खाई में स्थित कैल नदी में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार यह घटना 11 जून 2026 को शाम लगभग 4 बजे के आसपास हुई। वाहन संख्या UK-11TA-4395 (सफेद बोलेरो) लोसरी गांव से करीब 100 मीटर आगे घेस की ओर जा रहा था, तभी अचानक वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि वाहन पहले सड़क किनारे दीवार से टकराया और इसके बाद पीछे की ओर फिसलते हुए सीधे गहरी खाई में जा गिरा।

घटना की सूचना डीसीआर के माध्यम से थानाध्यक्ष थराली को मिलते ही पुलिस बल आपदा उपकरणों के साथ तुरंत मौके के लिए रवाना हो गया। साथ ही उप जिलाधिकारी थराली के समन्वय से DDRF टीम को भी राहत एवं बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर भेजा गया।

स्थानीय ग्रामीणों, पुलिस और DDRF टीम के संयुक्त प्रयासों से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बेहद कठिन और खतरनाक भूभाग होने के बावजूद टीमों ने अथक प्रयास कर चार घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल भेजा। वहीं चारों मृतकों के शवों को भी खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

मृतकों की पहचान इस प्रकार की गई है
जानकी देवी (28 वर्ष), पत्नी दान सिंह, निवासी खेता देवाल
अर्जुन सिंह (60 वर्ष), पुत्र मान सिंह, निवासी घेस देवाल
आलम सिंह (54 वर्ष), पुत्र दीवान सिंह, निवासी घेस देवाल
दीपू (7 वर्ष), पुत्र चंदन सिंह, निवासी खेता देवाल

घायलों में हरेंद्र सिंह (38 वर्ष, गंभीर रूप से घायल), उमा देवी (28 वर्ष), खड़क सिंह (38 वर्ष) और 1 वर्ष 6 माह की हर्षिता शामिल हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया है।

प्रशासन द्वारा मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम पीएचसी देवाल में कराया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन असंतुलित होकर पहले दीवार से टकराया और फिर पीछे खिसककर खाई में गिर गया।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *