Spread the loveहरिद्वार, दैनिक प्रभातवाणी। पिरान कलियर दरगाह क्षेत्र से 7 माह के मासूम बच्चे के अपहरण के मामले में हरिद्वार पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए महज चार दिनों के भीतर सफलता हासिल की है। पुलिस ने अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है, जबकि इस मामले में एक युवक और एक दिव्यांग महिला को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना 07 जून 2026 की है, जब पिरान कलियर दरगाह परिसर में नमाज के दौरान 7 माह के बच्चे अली रजा के लापता होने की सूचना मिली थी। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली कलियर में मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और तुरंत जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने दरगाह परिसर और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध युवक बच्चे को गोद में लेकर जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, मैनुअल पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए पुलिस ने लगातार दबिश दी। 11 जून को पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक महिला और एक युवक लक्सर रेलवे स्टेशन के पास एक छोटे बच्चे के साथ भीख मांग रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को मौके से पकड़ लिया। पहचान के आधार पर पुष्टि हुई कि वही बच्चा पिरान कलियर से अपहृत मासूम अली रजा है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी छोटे बच्चों को गोद में लेकर भीख मांगने पर अधिक पैसे मिलने के लालच में इस अपराध को अंजाम देते थे। दोनों आरोपियों ने बच्चे की गतिविधियों पर लगभग एक सप्ताह तक नजर रखने के बाद उसे अपहृत किया और उसे भीख मांगने के लिए इस्तेमाल करने की योजना बनाई थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर उर्फ सोनू उर्फ बड़ा (22 वर्ष), निवासी गोल्डन कॉलोनी, लंढौरा, हरिद्वार और एक 45 वर्षीय महिला अभियुक्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने अपहृत मासूम को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। इस त्वरित कार्रवाई के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की कार्यशैली की सराहना की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपियों का किसी अन्य आपराधिक गिरोह से संबंध है या नहीं। Post Views: 3 Post navigation देहरादून में 4.80 करोड़ के फर्जी लोन घोटाले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बैंक में हड़कंप गंगा में डूबे गाजियाबाद निवासी युवक का शव बरामद, SDRF और पुलिस के संयुक्त सर्च अभियान में मिली सफलता