Spread the love श्रीनगर/ऋषिकेश। पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर क्षेत्र से पिछले 16 दिनों से लापता एक नाबालिग किशोरी का शव ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बयासी क्षेत्र में नदी से मिलने के बाद पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों ने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की है। जानकारी के अनुसार, श्रीनगर निवासी यह किशोरी बीते 16 दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थी। उसकी तलाश में श्रीनगर पुलिस की कई टीमें लगातार जुटी हुई थीं। बुधवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि बयासी क्षेत्र में नदी के किनारे एक बालिका का शव दिखाई दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा भरने और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया। सूचना पर ऋषिकेश पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त अपनी लापता बेटी के रूप में की। पहचान होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। किशोरी की तलाश के लिए पिछले कई दिनों से श्रीनगर पुलिस, एसडीआरएफ और जल पुलिस द्वारा अलकनंदा और गंगा नदी के किनारों पर संयुक्त सर्च अभियान चलाया जा रहा था। विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की जा रही थी, लेकिन अब नदी में शव मिलने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। किशोरी के लापता होने के बाद से ही स्थानीय लोगों और वाल्मीकि समाज में भारी आक्रोश था। कुछ दिन पहले बड़ी संख्या में लोगों ने श्रीनगर कोतवाली का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया था और पुलिस प्रशासन से किशोरी की जल्द बरामदगी की मांग की थी। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए मामले के जल्द खुलासे की चेतावनी भी दी थी। अब पुलिस इस मामले की गहन जांच में जुट गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट करने की कोशिश की जाएगी कि किशोरी की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस हत्या, आत्महत्या, अपहरण और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और मामले से जुड़े प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष एवं गहन जांच सुनिश्चित की जाएगी। Post Views: 2 Post navigation काशीपुर में फर्जी शस्त्र लाइसेंस गिरोह का भंडाफोड़, दो और आरोपी गिरफ्तार; हथियार, कारतूस और फर्जी दस्तावेज बरामद