Spread the loveअल्मोड़ा । दैनिक प्रभातवाणी । अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। सोनी बिनसर के पास एक डस्टर कार अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट भिकियासैंण से उपनिरीक्षक पुष्कर जीना के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि वाहन रात में ही गहरी खाई में गिर गया था। खड़ी ढलान, घने जंगल और बेहद कठिन भूभाग के बावजूद एसडीआरएफ के जवानों ने जोखिम उठाकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और दोनों शवों को खाई से बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया। हादसे में मृतकों में एक की पहचान जीवन चंद्र जोशी, पुत्र पूरन सिंह जोशी, निवासी हल्द्वानी के रूप में हुई है। वहीं दूसरे मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा अज्ञात मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहन किस कारण से अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरा। स्थानीय लोगों ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रशासन ने वाहन चालकों से पहाड़ी मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और रात के समय अतिरिक्त सावधानी के साथ वाहन चलाने की अपील की है। Post Views: 4 Post navigation नगरासू गुरुद्वारे का विवाद शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त, सभी निहंग सिख छत से नीचे उतरे