Spread the love
अल्मोड़ा जनपद के भिकियासैंण क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देव जागरण कार्यक्रम संपन्न कराने के बाद देर रात अपने घर लौट रहे तीन लोगों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार प्रातः तहसीलदार भिकियासैंण द्वारा दुर्घटना की सूचना SDRF को दी गई। बताया गया कि राफड़ क्षेत्र के समीप एक वाहन गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही SDRF उत्तराखंड की टीम अपर उप निरीक्षक महिपाल सिंह के नेतृत्व में तत्काल रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि मारुति ऑल्टो 800 कार संख्या UK04F6683 सड़क से लगभग 200 मीटर नीचे गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त पड़ी हुई थी। क्षेत्र अत्यंत दुर्गम और ढलानयुक्त होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा।

SDRF टीम ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। शुरुआती खोज के दौरान दो व्यक्ति अलग-अलग स्थानों पर अचेत अवस्था में मिले, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद विस्तृत सर्च अभियान चलाकर तीसरे व्यक्ति को भी बाहर निकाला गया और सड़क तक पहुंचाया गया।

मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी तहसील रानीखेत, कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल तहसील रानीखेत उम्र 32 वर्ष तथा आनंद राम निवासी सोनी रानीखेत उम्र लगभग 40 वर्ष के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि तीनों व्यक्ति जागरी कार्य से जुड़े हुए थे और ग्राम चमोली पुसैला में आयोजित देव जागरण कार्यक्रम संपन्न कराने के बाद देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

SDRF टीम ने तीनों शवों को खाई से बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई के लिए मोर्चरी रानीखेत भिजवा दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम और सड़क सुरक्षा उपाय मजबूत करने की मांग की है।

दैनिक प्रभातवाणी शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है।