बैरागीवाला हत्याकांड: मुख्य चार आरोपी गिरफ्तार, गांव में भारी पुलिस बल तैनात
Spread the love

देहरादून। सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में खेतों की सिंचाई को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत के बाद पुलिस और प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम खेत में पानी छोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और मारपीट की घटना में विनोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग न्याय की मांग को लेकर एकत्र हो गए।

मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर सहसपुर कोतवाली में हत्या सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में 12 नामजद तथा 30 से 40 अन्य अज्ञात व्यक्तियों को आरोपी बनाया है। दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 सहित अन्य संबंधित धाराएं शामिल की गई हैं।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के चार मुख्य आरोपियों रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। फरार व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

घटना के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र में मौजूद हैं। गांव और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन द्वारा हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

इस बीच प्रशासन ने आरोपियों से जुड़े अवैध निर्माणों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। अधिकारियों की मौजूदगी में संबंधित अवैध निर्माणों को ध्वस्त किए जाने की कार्रवाई की गई। इस कदम के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

फिलहाल बैरागीवाला गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि एहतियात के तौर पर सुरक्षा बलों की तैनाती जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून अपने अनुसार कार्य करेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *