रुड़की में दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत, मजदूरों पर चली गोलियां, पूरी घटना CCTV में कैद
Spread the love

हरिद्वार जिले के रुड़की में उस समय सनसनी फैल गई जब सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना सामने आई। मामूली कहासुनी के बाद बदमाशों ने दो मजदूरों पर जानलेवा हमला करते हुए गोलियां चला दीं। घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना सत्ती मोहल्ला स्थित बादशाह होटल के पास एक निर्माण स्थल पर हुई। यहां मंगलौर क्षेत्र के बिझौली गांव निवासी दो मजदूर अमजद और गुलशेर पत्थर लगाने का काम कर रहे थे। काम के दौरान मोबाइल फोन इस्तेमाल को लेकर साथ काम कर रहे एक युवक से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी युवक ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया।

इसके बाद बाइक पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने अचानक मजदूरों पर दो राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदार और लोग अपनी दुकानों से बाहर निकल आए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। गनीमत यह रही कि दोनों मजदूर बाल-बाल बच गए और किसी को गोली नहीं लगी।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें बदमाशों की हरकत साफ दिखाई दे रही है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश तेज कर दी है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पीड़ित मजदूरों की ओर से तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सिविल लाइन कोतवाली पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया है और आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है।

यह घटना न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि दिनदहाड़े हुई इस तरह की फायरिंग ने स्थानीय लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल भी पैदा कर दिया है।