Spread the loveदेहरादून, दैनिक प्रभातवाणी । उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए अपने अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर व्यापक रणनीति बनाने का निर्णय लिया है। प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सुशीला खत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि 8 अगस्त 2026 को प्रदेश के सभी ब्लॉकों में ब्लॉक कमेटी की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों का उद्देश्य संगठन को बूथ और ब्लॉक स्तर तक सक्रिय करना तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की समस्याओं को संगठित रूप से सरकार के समक्ष उठाना होगा। प्रदेश अध्यक्ष सुशीला खत्री ने सभी पदाधिकारियों से संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और निस्वार्थ भाव से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुटे हैं, ऐसे में आंगनबाड़ी कर्मचारियों को भी अपने अधिकारों और मांगों को लेकर एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करना होगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि कार्यकर्ताओं की विभिन्न समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संकलित कर उनके समाधान के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जाएगी, ताकि सरकार के समक्ष उन्हें मजबूती से रखा जा सके। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री अनिता सिंह, जिला अध्यक्ष रुक्मणी धामी, ब्लॉक अध्यक्ष कृतना शर्मा सहित बिना चौहान, नीलम चौहान, तनु बंबा, उर्मिला देवी, मंजू गोस्वामी, हंस लोहनी, मालती रावत, सुनीता देवी, स्नेह लता, निशा रानी, रीना और सीमा देवी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संगठन का मानना है कि मजबूत संगठनात्मक ढांचा और सामूहिक एकजुटता ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हितों की रक्षा और उनकी लंबित मांगों के समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम है। Post Views: 2 Post navigation उत्तराखंड में बड़ा शिक्षा सुधार: मदरसा बोर्ड समाप्त, अब ‘राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण’ संभालेगा जिम्मेदारी