रानीचौरी स्थित गणपति पैलेस होटल का फूड लाइसेंस रद्द, फूड प्वॉइजनिंग से कई ग्रामीण बीमार
Spread the love
चंबा । 17 अप्रैल 2026 । दैनिक प्रभातवाणी
चंबा, संवाददाता। टिहरी जनपद के चंबा क्षेत्र में फूड प्वॉइजनिंग की घटना सामने आने के बाद स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के एक साथ बीमार होने की सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बादशाहीथौल के रानीचौरी रोड स्थित होटल गणपति पैलेस पर छापेमारी की और खाद्य सामग्री के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने होटल का फूड लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। जानकारी के अनुसार हाल ही में इसी होटल में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद कई ग्रामीणों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी शिकायतें होने लगीं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने खाने की गुणवत्ता और पानी को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।

खाद्य सुरक्षा अभिहित अधिकारी डॉ. प्रमोद रावत ने बताया कि विभाग की टीम मौके पर पहुंची और होटल की जांच की गई। हालांकि टीम को शादी समारोह में तैयार किया गया खाना मौके पर नहीं मिला, लेकिन होटल परिसर से अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में अनियमितताएं मिलने के बाद होटल गणपति पैलेस का फूड लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है।

ग्रामीणों ने भी मामले को लेकर गंभीर आशंका जताई है। ग्रामीणों में पूजा, सरोजनी और जयप्रकाश ने बताया कि शादी समारोह के दौरान होटल के निकट स्थित टैंक का पानी पीने और खाना बनाने में इस्तेमाल किया गया था। ग्रामीणों के अनुसार टैंक का पानी गंदा दिखाई दे रहा था और संभवतः उसी वजह से लोगों की तबीयत बिगड़ी। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस घटना में कई ग्रामीण बीमार हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चंबा के ढरसाल गांव से शालू देवी (82 वर्ष), पूजा (38 वर्ष), मानसी (17 वर्ष), सृष्टि (19 वर्ष), समां (55 वर्ष), कविता (42 वर्ष), सरोजनी (42 वर्ष), रेखा (35 वर्ष), आकृति (10 वर्ष), जय प्रकाश (42 वर्ष) शामिल हैं। इसके अलावा जुगड़ गांव से वृहस्पति (50 वर्ष), हेमवंती (55 वर्ष) और संगीता (44 वर्ष) को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मरीजों का उपचार जारी है और चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम ने बताया कि सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फूड प्वॉइजनिंग के कारणों की जांच की जा रही है और पानी तथा खाद्य सामग्री के सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।

घटना के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि यदि जांच में लापरवाही या खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित होटल संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर शादी समारोह और बड़े आयोजनों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने होटल संचालकों और आयोजकों को साफ-सफाई, सुरक्षित पानी और गुणवत्ता वाले भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *