Spread the loveदैनिक प्रभातवाणी | कर्णप्रयाग/चमोली | चमोली जिले के कर्णप्रयाग में श्री हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच हुए विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद हुए इस विवाद में धारदार हथियारों से हमला किए जाने से चार स्थानीय लोग घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से तीन आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी उपचाराधीन होने के कारण पुलिस निगरानी में रखा गया है। पुलिस के अनुसार, 16 जून 2026 को कर्णप्रयाग बाजार स्थित कृष्णा पैलेस होटल के समीप श्री हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि चार निहंग यात्रियों ने स्थानीय व्यापारी तथा बीच-बचाव के लिए पहुंचे लोगों पर तलवारों और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में चार लोग घायल हो गए, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ित गजपाल सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0-17/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया। घटना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र में बैरियर लगाकर तलाशी अभियान चलाया। त्वरित कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को कर्णप्रयाग क्षेत्र से ही गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने चौथे आरोपी को 17 जून को कर्णप्रयाग चिकित्सालय से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली। मामले में अब तक कुल चार तलवारें और दो मोटरसाइकिलें पुलिस ने कब्जे में ली हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जसनप्रीत सिंह, अजय सिंह, सतविंदर सिंह और मनप्रीत सिंह शामिल हैं। सभी आरोपी पंजाब के मोहाली क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से तीन आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया। चौथा आरोपी अभी उपचाराधीन है और पुलिस की निगरानी में रखा गया है। घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कर्णप्रयाग और गौचर क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है। क्षेत्र में एक कंपनी आईटीबीपी तथा पीएसी बल की तैनाती की गई है। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा स्वयं क्षेत्र में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस द्वारा लगातार पैदल गश्त कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसी बीच ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान में कोतवाली चमोली पुलिस ने तीन अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। चेकिंग के दौरान परविंदर सिंह, परमवीर सिंह और जोधवीर सिंह के पास हॉकी स्टिक सहित अन्य सामान पाए जाने तथा सार्वजनिक स्थान पर अभद्र व्यवहार करने के आरोप में पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने तीनों को भविष्य में शांति व्यवस्था भंग न करने की सख्त चेतावनी दी है। बरामद सामग्री घटना में प्रयुक्त 4 तलवारें 2 मोटरसाइकिल (PB-65BK-3889 एवं PB-65BE-4296) गिरफ्तार आरोपी जसनप्रीत सिंह (23 वर्ष), मोहाली, पंजाब अजय सिंह (23 वर्ष), मोहाली, पंजाब सतविंदर सिंह (21 वर्ष), मोहाली, पंजाब मनप्रीत सिंह (21 वर्ष), मोहाली, पंजाब (उपचाराधीन) Post Views: 2 Post navigation हत्या के मामले में फरार आरोपियों के घर पहुंची हरिद्वार पुलिस, ढोल-नगाड़ों के साथ की मुनादी