बद्रीनाथ धाम के प्रतिबंधित क्षेत्र में उड़ाया ड्रोन, नेपाली नागरिक पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई; ₹5 हजार का चालान
Spread the love

चमोली, दैनिक प्रभातवाणी। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध श्री बद्रीनाथ धाम के प्रतिबंधित और अति संवेदनशील क्षेत्र में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ड्रोन संचालक को मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ की और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹5,000 का चालान किया।

पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को शाम करीब 7:30 बजे अंधेरा होने के दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति श्री बद्रीनाथ मंदिर और उसके आसपास के प्रतिबंधित क्षेत्र में ड्रोन उड़ा रहा है। सूचना मिलते ही मंदिर परिसर में तैनात पुलिस बल तत्काल सक्रिय हुआ और ड्रोन संचालक को ड्रोन सहित थाना श्री बद्रीनाथ लाया गया।

पूछताछ में ड्रोन संचालक की पहचान नेपाल निवासी आक्रोश दहाल के रूप में हुई। चूंकि श्री बद्रीनाथ धाम अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट स्थित एक अति संवेदनशील क्षेत्र है, इसलिए यहां बिना पूर्व अनुमति के ड्रोन संचालन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है। सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस के साथ संयुक्त रूप से विस्तृत पूछताछ की।

पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने ड्रोन एवं मोबाइल फोन की गहन तकनीकी जांच की। जांच के दौरान किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, राष्ट्रविरोधी सामग्री अथवा सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाली कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बावजूद प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाना सुरक्षा प्रोटोकॉल का गंभीर उल्लंघन माना गया।

पुलिस ने उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत संबंधित व्यक्ति के खिलाफ ₹5,000 का चालान किया। इसके अलावा ड्रोन से रिकॉर्ड किए गए श्री बद्रीनाथ क्षेत्र के सभी वीडियो मौके पर ही डिलीट कराए गए। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोबारा न करने की कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया।

पुलिस प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे बद्रीनाथ धाम समेत सभी संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर लागू सुरक्षा नियमों का पालन करें। बिना अनुमति ड्रोन उड़ाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और व्यवस्थाओं पर भी अनावश्यक दबाव पड़ता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस प्रकार के मामलों में नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *