अंतिम संस्कार में जा रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: चमोली में खाई में गिरी ईको वैन, 3 की मौत, 3 घायल
Spread the love

चमोली,। चमोली जनपद के थराली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। अंतिम संस्कार के लिए देहरादून से अपने गांव लौट रहा एक परिवार उस समय भीषण दुर्घटना का शिकार हो गया, जब उनकी ईको वैन अनियंत्रित होकर लगभग 400 से 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

अंतिम संस्कार में जा रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: चमोली में खाई में गिरी ईको वैन, 3 की मौत, 3 घायल

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बाँक, लोहाजंग निवासी बलबीर सिंह अपने पारिवारिक सदस्य स्वर्गीय भजन सिंह के पार्थिव शरीर को देहरादून से गांव लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम ल्वाणी के जंगल क्षेत्र में वाहन संख्या UK07D-2979 दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक को नींद की झपकी आने से वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और वह गहरी खाई में जा गिरा।

अंतिम संस्कार में जा रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: चमोली में खाई में गिरी ईको वैन, 3 की मौत, 3 घायल

इस भीषण हादसे में बलबीर सिंह (52 वर्ष), उनकी पत्नी शांति देवी (48 वर्ष) और पुत्र आंशु बिष्ट (18 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कविता देवी, मयंक सिंह और रोशनी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही थराली पुलिस, DDRF टीम और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। संयुक्त रूप से चलाए गए राहत एवं बचाव अभियान में खाई में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

एक ही परिवार पर कुछ ही घंटों के भीतर दोहरी त्रासदी टूटने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पहले परिवार के सदस्य का निधन और फिर अंतिम संस्कार के लिए जाते समय हुए इस हादसे ने गांव सहित पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

दैनिक प्रभातवाणी परिवार इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है।

You missed