उत्तराखंड में मानसून सक्रिय, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; बागेश्वर में 1 जुलाई को स्कूल बंद
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और राज्य के अधिकांश मैदानी तथा पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग द्वारा आगामी घंटों में कई जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना व्यक्त की गई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पौड़ी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए बागेश्वर जिला प्रशासन ने एहतियातन कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बुधवार, 1 जुलाई को अवकाश घोषित किया है। प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।

देहरादून सहित राज्य के कई हिस्सों में मानसून की बारिश से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से नदियों और गदेरों का जलस्तर बढ़ने की संभावना बनी हुई है।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने स्थानीय प्रशासन, पुलिस, राजस्व विभाग और संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में मशीनरी और राहत दलों को तैयार रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को नदी-नालों और बरसाती गदेरों के किनारे जाने से बचने की सलाह दी है। भारी बारिश के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचने और केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी आधिकारिक बुलेटिनों पर नजर रखें और किसी भी आपदा या आपात स्थिति की जानकारी तुरंत स्थानीय प्रशासन को दें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *