Spread the love बागेश्वर। विश्व प्रसिद्ध पिंडारी ग्लेशियर ट्रैकिंग रूट पर लापता हुए नोएडा निवासी 28 वर्षीय ट्रैकर अभिषेक चौहान की तलाश के लिए पुलिस, प्रशासन और आपदा राहत एजेंसियों ने संयुक्त स्तर पर व्यापक सर्च अभियान शुरू कर दिया है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और प्रतिकूल मौसम के बीच चल रहे इस अभियान की निगरानी स्वयं पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार थाना कपकोट क्षेत्र के अंतर्गत ट्रैकिंग के दौरान अभिषेक चौहान अचानक लापता हो गए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल सात विशेष खोज एवं बचाव टीमें गठित कीं, जिनमें कुल 30 सदस्य शामिल हैं। इन टीमों में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, फायर सर्विस, वन विभाग, स्थानीय पुलिस, आपदा मित्र, ग्राम प्रहरी तथा डिजिटल वॉलिंटियर्स को शामिल किया गया है। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के तहत पिंडारी नदी के किनारे लगभग 25 किलोमीटर के दुर्गम क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। घने जंगलों, खड़ी चट्टानों और गहरी झाड़ियों वाले इलाकों में खोजबीन के लिए आधुनिक ड्रोन कैमरों और प्रशिक्षित डॉग स्क्वाड की भी सहायता ली जा रही है। खराब मौसम और कई स्थानों पर नेटवर्क न होने जैसी चुनौतियों के बावजूद राहत एवं बचाव दल लगातार अभियान में जुटे हुए हैं। पुलिस द्वारा स्थानीय स्तर पर भी व्यापक जांच की जा रही है। क्षेत्र के गाइडों, स्थानीय निवासियों, होमस्टे संचालकों और ट्रैकिंग मार्ग पर स्थित विभिन्न पड़ावों के संचालकों से पूछताछ कर संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं। इसके साथ ही पुलिस की एक टीम लगातार अभिषेक चौहान के परिवार के संपर्क में है और उनके मित्रों, रिश्तेदारों तथा परिचितों से भी जानकारी एकत्रित की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के सीमावर्ती जिलों और संबंधित थानों को भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। गुमशुदा युवक के पोस्टर और विवरण विभिन्न पुलिस इकाइयों को भेजे गए हैं ताकि किसी भी संभावित सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। लापता युवक की पहचान अभिषेक चौहान पुत्र रघुराज चौहान के रूप में हुई है। वह वर्तमान में नोएडा में निवास करते हैं जबकि उनका मूल निवास ग्राम शेखूपूरा, पोस्ट कंडेला, तहसील कैराना, जिला शामली, उत्तर प्रदेश है। बागेश्वर पुलिस ने आम जनता, ट्रैकर्स और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को अभिषेक चौहान के संबंध में कोई भी जानकारी प्राप्त होती है तो तत्काल थाना कपकोट के मोबाइल नंबर 9411113310 अथवा जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 9411112983 पर सूचना दें। पुलिस का कहना है कि युवक की सुरक्षित बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और सर्च अभियान लगातार जारी रहेगा। Post Views: 2 Post navigation विशाल पेड़ गिरने से बंद हुआ रिठाबगड़ मार्ग, पुलिस और फायर सर्विस की तत्परता से यातायात बहाल दयारा बुग्याल में लापता महिला ट्रेकर की तलाश जारी, हेलीकॉप्टर से हो रहा हवाई सर्च ऑपरेशन