Spread the love
देहरादून जिले के रानीपोखरी थाना क्षेत्र से एक दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। जॉलीग्रांट एयरपोर्ट स्थित वीआईपी गेस्ट हाउस में तैनात उत्तराखंड पुलिस के हेड कांस्टेबल की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ है, जिसके चलते पुलिस और फॉरेंसिक टीम हर पहलू से जांच कर रही है।

मृतक की पहचान हेड कांस्टेबल सुनील कुमार के रूप में हुई है, जो जॉलीग्रांट एयरपोर्ट के वीआईपी गेस्ट हाउस में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्हें रात में पत्नी की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद वह घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद घर के आंगन से गोली चलने की आवाज सुनाई दी।

आवाज सुनते ही परिजन बाहर पहुंचे तो सुनील कुमार खून से लथपथ जमीन पर पड़े मिले। घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उन्हें जॉलीग्रांट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही रानीपोखरी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके साथ ही फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) और फील्ड यूनिट टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। मृतक की कार्बाइन को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है कि आखिर गोली कैसे चली।

फिलहाल पुलिस इस मामले को हर एंगल से जांच रही है। शुरुआती स्तर पर इसे आत्महत्या, दुर्घटना या किसी अन्य परिस्थिति से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन आधिकारिक तौर पर अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

घटना के बाद पुलिस विभाग और स्थानीय क्षेत्र में शोक का माहौल है। हेड कांस्टेबल की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं पुलिस प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी सावधानी से जांच में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *