Spread the loveहरिद्वार, दैनिक प्रभातवाणी । हरिद्वार के खड़खड़ी क्षेत्र में बीती रात एक स्थानीय महिला से कथित छेड़छाड़ की घटना के बाद जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि हरियाणा से आए दो पर्यटकों ने महिला पर अश्लील फब्तियां कसीं और उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद मौके पर जुटी भीड़ ने दोनों युवकों की पिटाई कर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। घटना का वीडियो बुधवार सुबह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। महिला के शोर मचाने पर जुटी भीड़ जानकारी के अनुसार घटना कोतवाली नगर क्षेत्र की खड़खड़ी चौकी अंतर्गत सूखी नदी के पास की है। बताया जा रहा है कि हरियाणा नंबर की कार में सवार दो युवक वहां पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने एक स्थानीय महिला पर अश्लील टिप्पणियां कीं और उसके साथ छेड़छाड़ का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध और शोर मचाने पर आसपास मौजूद स्थानीय लोग, व्यापारी और राहगीर मौके पर पहुंच गए। भीड़ ने कार से बाहर निकालकर की पिटाई घटना से नाराज लोगों ने दोनों युवकों को कार से बाहर निकाल लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वायरल वीडियो में भी बड़ी संख्या में लोग आरोपियों को घेरते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया सूचना मिलते ही खड़खड़ी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही दोनों की कार को भी सीज कर दिया गया है। वायरल वीडियो की भी जांच घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा करने से बचें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। Post Views: 2 Post navigation मसूरी के हाथीपांव जंगल में मिला देहरादून के युवक का शव, हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच में जुटी पुलिस