Spread the loveबद्रीनाथ/चमोली, 29 अप्रैल 2026। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाले शातिर मोबाइल चोर गिरोह के खिलाफ चमोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये के महंगे स्मार्टफोन बरामद किए हैं। यह गिरोह केदारनाथ धाम में चोरी की वारदातों को अंजाम देने के बाद बद्रीनाथ में बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से इनके मंसूबे नाकाम हो गए। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में गठित एंटी थेफ्ट स्क्वाड ने हनुमान चट्टी के पास घेराबंदी कर गिरोह के सदस्यों को धर दबोचा। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी केदारनाथ धाम की भीड़ में श्रद्धालुओं की जेब काटकर महंगे मोबाइल फोन चुरा लेते थे और फिर दूसरे धाम में बड़ी वारदात की तैयारी करते थे। चोरी के तुरंत बाद फोन बंद कर दिए जाते थे ताकि उनकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 13 महंगे स्मार्टफोन बरामद किए हैं, जिनकी बाजार में कीमत करीब 14 लाख रुपये आंकी गई है। बरामद मोबाइलों में आईफोन, सैमसंग S24 अल्ट्रा के साथ-साथ वनप्लस, रेडमी और रियलमी कंपनियों के फोन शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने दो लग्जरी गाड़ियों—किआ और टाटा नेक्सन—को भी सीज किया है, जिनका इस्तेमाल गिरोह वारदात के लिए करता था। मौके से 58,860 रुपये की नगदी भी बरामद की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कृष्ण कुमार और दिया निवासी भटिंडा (पंजाब), सुनील कुमार निवासी भरतपुर (राजस्थान) और ललित कुमार निवासी अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व की घटनाओं का भी पता लगाने में जुटी है। चमोली पुलिस ने उन श्रद्धालुओं से संपर्क करने की अपील की है, जिनके मोबाइल फोन केदारनाथ या बद्रीनाथ यात्रा के दौरान चोरी हुए हैं। वैध दस्तावेज जैसे बिल या बॉक्स दिखाकर वे कोतवाली बद्रीनाथ या थाना सोनप्रयाग से अपना फोन प्राप्त कर सकते हैं। पुलिस ने यात्रियों को आगाह करते हुए कहा है कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों और स्नान घाटों पर अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस बूथ या हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार सतर्क है और सादे कपड़ों में भी जवान तैनात किए गए हैं, ताकि इस तरह के अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। Post Views: 15 Post navigation रुद्रपुर में 77 करोड़ का बैंक घोटाला उजागर, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज, जांच तेज पौड़ी पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ दो गिरफ्तार