Spread the loveदैनिक प्रभातवाणी ब्यूरो | ऊधमसिंहनगर उत्तराखंड को अपराध मुक्त बनाने के संकल्प के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अजय गणपति के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने IPL ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली के एक शातिर बुकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में किराए के फ्लैट में रहकर पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी मोबाइल फोन, इंटरनेट कॉलिंग और डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म के जरिए IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी देशभर में फैले नेटवर्क के माध्यम से करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन को अंजाम दे रहा था। सट्टेबाजी के लिए मोबाइल कॉल, ऑनलाइन एप्लिकेशन और Paytm जैसे डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जा रहा था। यह कार्रवाई SOG रुद्रपुर और उत्तराखंड पुलिस की ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई। लंबे समय से मिल रही सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम आरोपी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कई मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंकिंग दस्तावेज, डिजिटल ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस अब जब्त किए गए डेटा की जांच कर रही है ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। संभावना जताई जा रही है कि इस गिरोह के तार कई राज्यों तक जुड़े हो सकते हैं। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराध, सट्टेबाजी और अवैध गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को बर्बाद करने वाले ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और “ऑपरेशन प्रहार” आगे भी पूरी मजबूती से जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क तेजी से युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले रहा है। आसान कमाई के लालच में कई लोग ऐसे अवैध धंधों से जुड़ रहे हैं, जिससे आर्थिक अपराध भी बढ़ रहे हैं। इसी कारण साइबर और ऑनलाइन अपराधों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े बैंक खातों, डिजिटल वॉलेट और संपर्क सूत्रों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी कितने समय से उत्तराखंड में सक्रिय था और उसके नेटवर्क में कितने लोग शामिल थे। Post Views: 2 Post navigation हरिद्वार के जंगल में बाघ की निर्मम हत्या, पंजे काटकर शिकार की आशंका — वन विभाग ने एक आरोपी को दबोचा 48 घंटे में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार