Spread the loveरुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के पाली लिंक रोड पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में ऑल्टो K10 कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। डीसीआर रुद्रप्रयाग से सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट अगस्त्यमुनि की टीम उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर पता चला कि दुर्घटनाग्रस्त कार में कुल आठ लोग सवार थे, जो खाई में गिरने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। एसडीआरएफ जवानों ने कठिन परिस्थितियों के बीच साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाते हुए पांच घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। मृतकों के शवों को भी खाई से निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान महेंद्र सिंह (68 वर्ष), अंजन सिंह (42 वर्ष) और संगीता देवी (32 वर्ष) के रूप में हुई है। जबकि रेशमा देवी, दक्षित (5 वर्ष), सानवी (3 वर्ष), वैभव (10 वर्ष) और विहान (8 वर्ष) घायल हुए हैं। सभी मृतक एवं घायल उथिंड गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। एसडीआरएफ की त्वरित और मुस्तैद कार्रवाई के चलते घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका, जिससे उनकी जान बचाने में मदद मिली। दैनिक प्रभातवाणी की ओर से हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की जाती है। Post Views: 3 Post navigation मौसम का बदला मिजाज: पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी, आंधी-तूफान का कहर, रुद्रप्रयाग में आकाशीय बिजली से दो सगे भाइयों की मौत अंतिम संस्कार में जा रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: चमोली में खाई में गिरी ईको वैन, 3 की मौत, 3 घायल