कलियर दरगाह क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 संदिग्ध हिरासत में
Spread the love

दैनिक प्रभातवाणी ब्यूरो | हरिद्वार

हरिद्वार के पिरान कलियर दरगाह क्षेत्र में पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए 25 लोगों को हिरासत में लिया है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने दरगाह और आसपास के कस्बा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और सत्यापन अभियान भी संचालित किया।

पुलिस के अनुसार लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग झुंड बनाकर दरगाह आने वाले श्रद्धालुओं को परेशान कर रहे हैं। इसके अलावा दरगाह मार्ग पर अनावश्यक भीड़ लगाकर आवागमन बाधित किया जा रहा था, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस टीम ने दरगाह क्षेत्र, बाजार और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर गहन जांच की। अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए गए 25 लोगों को हिरासत में लेकर उनके दस्तावेज, पहचान और गतिविधियों का सत्यापन किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ और जांच के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के अंतर्गत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। साथ ही उन्हें भविष्य में सार्वजनिक व्यवस्था भंग न करने की चेतावनी भी दी गई। पुलिस का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

अभियान में वरीय उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह चौहान, उपनिरीक्षक कुन्दन सिंह, कांस्टेबल प्रकाश मनराल और होमगार्ड ललित कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस ने साफ किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत हरिद्वार जिले में असामाजिक तत्वों, वांछित अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *