चारधाम हेली टिकट के नाम पर बड़ा साइबर खेल, STF ने बिहार से दबोचे दो शातिर ठग
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ होने वाली साइबर ठगी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एसटीएफ ने एक संगठित साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। चारधाम हेली बुकिंग के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले दो शातिर साइबर अपराधियों को बिहार के नालंदा जिले से गिरफ्तार किया गया है।

एसटीएफ द्वारा गठित “चारधाम यात्रा एंटी हेली फ्रॉड सेल” की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी फर्जी फेसबुक पेज, व्हाट्सएप नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग का झांसा देते थे। शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया और तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों तथा मोबाइल डेटा के आधार पर बिहार में अभियान चलाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुमार निवासी बिहार शरीफ, नालंदा तथा विजित कुमार उर्फ मिकी निवासी शेखपुरा, बिहार के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता को फर्जी हेली टिकट उपलब्ध कराए थे। इसके बाद मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

एसटीएफ जांच के अनुसार गिरोह देश के कई राज्यों में सक्रिय था और बैंक खातों, एटीएम कार्ड तथा क्यूआर कोड के माध्यम से ठगी की रकम का लेनदेन करता था। आरोपियों के बैंक खातों से कई एनसीआरपी शिकायतें भी जुड़ी मिली हैं, जिससे इनके बड़े नेटवर्क का संकेत मिला है।

कार्रवाई के दौरान एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से पांच बैंक पासबुक, एक चेकबुक, दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, सिम संबंधी सामग्री, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं।

जांच में एक अन्य साइबर अपराधी शिव कुमार पासवान उर्फ फुलटून का नाम भी सामने आया है, जो बिहार में दर्ज एक अन्य साइबर ठगी मामले में पहले से गिरफ्तार है। उसके खिलाफ उत्तराखंड में भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसटीएफ की जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ नाबालिगों का उपयोग साइबर अपराधों में किया जा रहा है। इस गंभीर पहलू की भी गहन जांच की जा रही है।

एसएसपी एसटीएफ ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि चारधाम हेलीकॉप्टर बुकिंग केवल अधिकृत पोर्टल के माध्यम से ही कराएं। किसी भी अज्ञात व्हाट्सएप नंबर, सोशल मीडिया लिंक या संदिग्ध वेबसाइट पर भुगतान करने से बचें। साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

दैनिक प्रभातवाणी

You missed