Spread the love देहरादून में बुधवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब पौंधा क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं घटना में थाना प्रभारी प्रेमनगर भी घायल हो गए, जबकि दो अन्य बदमाश मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस ने पूरे जनपद में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल और एसपी सिटी प्रमोद कुमार तुरंत घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और फरार बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस द्वारा जिले के सभी नाकों और बैरियर पर नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, साथ ही जिले की सीमाओं पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पौंधा निवासी ठेकेदार देवराज बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे अपना काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और तमंचा दिखाकर नकदी देने की मांग की। जब देवराज ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली चलने की सूचना मिलते ही पास में चेकिंग कर रहे प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर तुरंत मौके की ओर दौड़े और बदमाशों का पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर भी फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें थाना प्रभारी नरेश राठौर के हाथ में दो गोलियां लग गईं और वे घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने साहस दिखाते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश को तीन गोलियां लगीं—दो छाती में और एक पेट में—जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए कोरोनेशन चिकित्सालय लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस अब मृत बदमाश की पहचान जुटाने में लगी है, जबकि फरार दो अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, लेकिन पुलिस ने आम जनता को आश्वस्त किया है कि जल्द ही फरार आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। Post Views: 10 Post navigation पौड़ी पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ दो गिरफ्तार अलकनंदा किनारे मिले शव की गुत्थी सुलझी, क्षेत्र पंचायत सदस्य निकला हत्यारोपी; कर्णप्रयाग पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा