बहादराबाद पुलिस ने ATM फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार, 17 ATM कार्ड बरामद
Spread the love

हरिद्वार (उत्तराखंड)

उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में साइबर और वित्तीय ठगी के मामलों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। Haridwar के अंतर्गत आने वाली कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने ATM कार्ड बदलकर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान का हिस्सा थी।

पुलिस के अनुसार जनपद में लगातार बढ़ रही ATM फ्रॉड घटनाओं को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई थी, जो बैंक और ATM बूथों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी अभियान के तहत 8 मई 2026 को उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज अपनी टीम के साथ SBI ATM बूथ पीपल चौक, बहादराबाद के पास चेकिंग कर रहे थे

चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की काली पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में देखा। पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने लगे, लेकिन टीम ने तुरंत उनका पीछा किया। भागने के दौरान उनकी बाइक पुराने पथरी पावर हाउस के पास फिसल गई, जिसके बाद दोनों आरोपी झाड़ियों की ओर भागे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवा उर्फ शिव (32 वर्ष), निवासी फेरुपुर महाराणा प्रताप कॉलोनी, थाना पथरी और मधुसूदन उर्फ मनोज (28 वर्ष), निवासी गढ़मीरपुर, थाना रानीपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने शिवा के पास से 10 ATM कार्ड, एक सैमसंग A15 मोबाइल फोन और 200 रुपये नकद बरामद किए, जबकि मधुसूदन के पास से 7 ATM कार्ड, एक वन प्लस मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद बरामद हुए।

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे ATM बूथों पर आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और कम पढ़े-लिखे लोगों को मदद का झांसा देकर उनका ATM कार्ड बदल लेते थे। इसके बाद वे असली कार्ड अपने पास रखकर खातों से पैसे निकाल लेते थे और ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।

जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी इस तरह की घटनाओं में जेल जा चुके हैं और आपराधिक गतिविधियों में लगातार शामिल रहे हैं। पुलिस के अनुसार यह एक संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकता है, जिसकी अन्य कड़ियों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *