पौड़ी पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ दो गिरफ्तार
Spread the love

पौड़ी जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद भर में नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने और अवैध तस्करी को रोकने के लिए सघन चेकिंग अभियान जारी है। इसी कड़ी में कोटद्वार क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां दो अलग-अलग स्थानों से दो व्यक्तियों को भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

दैनिक चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली कोटद्वार पुलिस ने सिंबलचौड़ क्षेत्र से गौरव पाल निवासी कोटद्वार को 60 पव्वे अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। वहीं दूसरी ओर लकड़ीपड़ाव क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए चन्दन सिंह निवासी काशीपुर को 54 पव्वे और 4 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ दबोचा गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अवैध शराब कारोबारियों में डर का माहौल बन गया है।

पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कोटद्वार में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर ऐसे अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।

पौड़ी पुलिस की इस तत्परता को स्थानीय लोगों ने भी सराहा है और उम्मीद जताई है कि इस तरह की कार्रवाइयों से क्षेत्र में नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।