Spread the love दैनिक प्रभातवाणी ब्यूरो | टिहरी टिहरी पुलिस ने लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने फर्जी कंपनी बनाकर लोगों को निवेश के नाम पर झांसे में लिया और करीब 2.5 करोड़ रुपये से अधिक की रकम का गबन किया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अभियुक्त सूरज मणि सेमवाल “बोरा विकास निधि लिमिटेड कंपनी” के नाम से अवैध रूप से कंपनी संचालित कर रहा था। आरोपी लोगों को अधिक ब्याज और आकर्षक रिटर्न का लालच देकर उनसे धन जमा करवाता था। ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे निवेशकों को निशाना बनाकर लंबे समय से यह नेटवर्क चलाया जा रहा था। शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर कोतवाली चंबा पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कंपनी बिना किसी वैध अनुमति और वित्तीय लाइसेंस के संचालित की जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज मणि सेमवाल को मुनिकीरेती क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों से जमा कराई गई रकम को निजी उपयोग में खर्च कर रहा था। कई निवेशकों ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उन्हें निवेश की रकम वापस नहीं मिल रही थी और कंपनी कार्यालय में भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा था। मामले में वित्तीय अनियमितताओं और धोखाधड़ी के कई दस्तावेजी साक्ष्य भी मिले हैं। टिहरी पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी कोटद्वार में इसी तरह का मुकदमा दर्ज है। ऐसे में पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क, सहयोगियों और अन्य जिलों में फैले निवेश घोटाले की भी जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कितने लोगों से रकम जुटाई गई और ठगी का वास्तविक आंकड़ा कितना बड़ा है। एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि आम जनता की मेहनत की कमाई हड़पने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संस्था या कंपनी में निवेश करने से पहले उसकी वैधता और सरकारी अनुमति की जांच अवश्य करें। पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” अभियान लगातार जारी है और आर्थिक अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। Post Views: 7 Post navigation चंपावत नाबालिग गैंगरेप केस में नया मोड़, आरोपी परिवारों ने लगाए साजिश के आरोप सरकारी जमीन पर मकान के अंदर बना दी मजार, जांच में खुला बड़ा मामला